लॉकडाउनः परिवार का खर्चा नहीं चला पाने से लाचार ट्राली चालक ने दी जान
लॉकडाउन में रोज कमाने खाने वालों की मुसीबत बढ़ती जा रही है। वाराणसी में जैतपुरा के ढेलवरिया में 30 वर्षीय ट्राली चालक नितिन कुमार ने फांसी लगाकर जान दे दी। मकान मालिक संदीप सेठ के अनुसार कमाई नहीं होने के कारण घर के खर्चे को लेकर नितिन परेशान था।
मूलरूप से बिहार का निवासी नितिन ढेलवरिया में किराए के मकान में रहता था। उसकी पिछले ही साल दशाश्वमेध की रिंकी के साथ शादी हुई थी। ट्राली चलाकर ही नितिन के परिवार का खर्च चलता था। लॉकडाउन के कारण कमाई बंद होने से खर्च चलाने में दिक्कतें आने लगीं। परेशानी के कारण ही चार दिन पहले पत्नी अपने मायके दशाश्वमेध चली गई थी।
सोमवार को दोपहर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। आवाज लगाने पर भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो मकान मालिक को कुछ शक हुआ। उसने सीढ़ी लगाकर रोशनदान से झांका तो सन्न रह गया। अंदर रस्सी के सहारे ट्राली चालक का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मकान मालिक ने पुलिस को बताया नितिन की शादी नवंबर 2019 में दशाश्वमेध की रिंकी रानी से हुआ था। ट्राली चलाकर ही अपना और पत्नी का भरण पोषण करता था। लॉकडाउन के कारण ट्राली नहीं चलाने से घर का खर्चा नहीं चल रहा था। इससे नाराज होकर पत्नी चार दिन पहले मायके चली गई। इसके कारण भी परेशान था।